हिमाचल में इस बोर्ड में होगी श्रमिक मित्रों की भर्ती, 100 पदों के लिए मिली मंजूरी
शिमला। हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों तक सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए श्रमिक मित्रों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। बोर्ड की 54वीं निदेशक मंडल बैठक में 100 श्रमिक मित्रों को आउटसोर्स आधार पर नियुक्त करने को मंजूरी दी गई। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और श्रमिकों को विभिन्न कल्याण योजनाओं की सुविधाएं तेजी से उपलब्ध होंगी।
बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और बेटी जन्म योजना समेत सभी पात्र लाभार्थियों को हिमकेयर योजना से जोड़ने और E SOMSA के साथ एकीकृत करने का निर्णय भी लिया गया। इससे योजना कार्यान्वयन में पारदर्शिता और गति बढ़ेगी।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 211.47 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसमें से 105 करोड़ रुपये सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए, और 5 करोड़ रुपये कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा, श्रमिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना एवं शिक्षा गतिविधियों का बजट भी रखा गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बोर्ड का मुख्यालय पुराने एसडीएम कार्यालय से हमीरपुर के नए बस स्टैंड स्थित निर्माणाधीन भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।












