मंडी में महिला बौद्ध भिक्षु की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, SIT की बड़ी कार्रवाई-3 आरोपी गिरफ्तार
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के रिवालसर क्षेत्र में करीब एक महीने पहले हुई महिला बौद्ध भिक्षु की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने वीरवार देर रात इस वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब शेष दो फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश नशे के आदी हैं और प्रारंभिक अनुमान है कि यह हत्या नशे की पूर्ति या लूटपाट के इरादे से की गई।
घटना 4 मार्च की है, जब 78 वर्षीय वृद्ध महिला बौद्ध भिक्षु ओरजे शोकी का शव सरकीधार के नैना देवी जंगल में उनकी कुटिया से बरामद हुआ था। उनके शरीर पर तेजधार हथियार के कई गहरे घाव और कट के निशान पाए गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया था। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शेष दो आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। मृतिका पिछले तीन साल से अपने पति के निधन के बाद अकेले धार्मिक कार्यों में लीन थीं।












