हिमाचल में बारिश का कहर जारी: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, फिलहाल राहत के आसार नहीं
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कई दिनों से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश बर्फबारी दर्ज की जा रही है, जबकि तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बना हुआ है और आने वाले दिनों में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने के आसार हैं.
बारिश की बात करें तो 24 घंटों में कसौली, राजगढ़, धर्मपुर, सराहन और शिमला में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई. जोगिंद्रनगर, रोहड़ू, सोलन, बिलासपुर और कंडाघाट में 2-2 सेंटीमीटर तथा मंडी, कांगड़ा, कटौला, भराड़ी और नगरोटा सूरियां में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई. प्रदेश में कहीं भी हिमपात दर्ज नहीं किया गया है.
इस दौरान शिमला, सुंदरनगर, जुब्बड़हट्टी, भुंतर, कांगड़ा, पालमपुर और जोगिंद्रनगर में गरज के साथ छींटे पड़े. ताबो में 39 किलोमीटर प्रति घंटा, नेगोला में 37 और सुंदरनगर में 33 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जबकि खदराला क्षेत्र में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कई स्थानों पर यह सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. शिमला में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री, सुंदरनगर में 10.1, भुंतर में 8.0, कल्पा में 0.4, धर्मशाला में 11.2, ऊना में 13.7, नाहन में 12.0, मनाली में 5.5, कांगड़ा में 13.2 और मंडी में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
विभिन्न शहरों का तापमान
वहीं अधिकतम तापमान में भी कई स्थानों पर गिरावट दर्ज की गई. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. शिमला में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री, सुंदरनगर में 26.7, भुंतर में 22.2, कल्पा में 14.3, धर्मशाला में 25.0, नाहन में 27.5, सोलन में 24.0, कांगड़ा में 27.8 और मंडी में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 11 से 14 डिग्री, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 15 से 26 डिग्री और मैदानी इलाकों में 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी भी जारी की है. 7 से 9 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है. सिरमौर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में 8 अप्रैल को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 7 और 8 अप्रैल को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा समेत कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा, जहां गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. 7 और 8 अप्रैल को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां तेज रहेंगी. 9 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है, जबकि 10 अप्रैल से मौसम के साफ होने की संभावना है. 11 और 12 अप्रैल को मौसम मैदानी इलाकों को छोड़कर स्थानों पर मौसम खराब बना रह सकता है.












