पंचायत चुनावों के बीच शिक्षा विभाग सख्त, चुनाव ड्यूटी से बाहर शिक्षकों की छुट्टियों पर एक सप्ताह की रोक
हिमाचल प्रदेश में तीन चरणों में होने वाले पंचायती राज चुनावों को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। चुनाव ड्यूटी में शामिल नहीं किए गए शिक्षकों और कर्मचारियों को अगले एक सप्ताह तक अवकाश नहीं मिलेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से छुट्टी दी जाएगी।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि अधिकांश शिक्षकों की चुनाव ड्यूटी लगी होने के कारण बाकी स्टाफ की मौजूदगी सुनिश्चित कर स्कूलों में नियमित पढ़ाई जारी रखी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वहीं चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सीधे संबंधित एआरओ या चुनाव प्राधिकरण को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि चुनाव अवधि में स्कूल बंद करने का फैसला केवल उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर ही होगा और सभी स्कूलों में स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।






