हिमाचल में HRTC कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू, ड्राइवर-कंडक्टरों को वर्दी पहनना अनिवार्य
शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने अपने चालक और परिचालकों के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू कर दिया है। निगम प्रबंधन की ओर से जारी नए आदेशों के तहत अब सभी ड्राइवर और कंडक्टरों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही गले में पटका, परना या अन्य रंग-बिरंगे कपड़े पहनने पर भी रोक लगा दी गई है।
HRTC प्रबंधन का कहना है कि कई बार चालक और परिचालक वर्दी की बजाय अलग-अलग प्रकार के कपड़े पहनकर ड्यूटी करते नजर आते थे, जिससे निगम की पेशेवर छवि प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (RM) को निर्देश जारी किए गए हैं कि ड्रेस कोड का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
नए आदेशों के अनुसार चालक अब सिर पर किसी भी प्रकार का कपड़ा, गमछा या परना नहीं बांध पाएंगे। वहीं परिचालकों को भी तय वर्दी में ही ड्यूटी करनी होगी। निगम का मानना है कि एक समान ड्रेस कोड से यात्रियों के बीच अनुशासन और पहचान बेहतर होगी।
HRTC प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। सभी डिपो स्तर पर कर्मचारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि निगम लंबे समय से कर्मचारियों की वर्दी और आचार व्यवहार को लेकर शिकायतें प्राप्त कर रहा था। ऐसे में अब परिवहन निगम अपनी कार्यप्रणाली और सार्वजनिक छवि को अधिक प्रोफेशनल बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है।






