हिमाचल निकाय चुनावों में दिखा मोदी मैजिक, कांग्रेस को जनता ने दिया जवाब: सांसद डाॅ. सिकंदर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों को भारतीय जनता पार्टी ने अपने पक्ष में बड़ा जनसमर्थन बताया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद और प्रदेश महामंत्री प्राे डाॅ सिकंदर कुमार ने कहा है कि निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता यह दिखाती है कि प्रदेश में “मोदी मैजिक” कायम है और जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ मतदान किया है।
सोमवार को जारी बयान में प्राे डाॅ सिकंदर कुमार ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के नतीजे भाजपा की विकास राजनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के वादों के बजाय विकास और काम को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों से साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है। सिकंदर कुमार ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा को मिला समर्थन आने वाले समय में भी जारी रहेगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा सांसद ने चुनाव में पार्टी को समर्थन देने के लिए प्रदेश के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत की और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाया, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।
प्राे डाॅ सिकंदर कुमार ने इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर सहित पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और पार्टी आगे भी जनसेवा के मुद्दों को लेकर काम करती रहेगी।






