‘विक्रमादित्य जब चाहें भाजपा में शामिल हो जाएं’-CM सुक्खू का झूठा बयान वायरल, FIR दर्ज
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक बयान फैलाए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता बलदेव ठाकुर की शिकायत पर शिमला साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि मुन्नू ठाकुर नामक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई, जिसमें झूठा हवाला देते हुए लिखा गया कि “कांग्रेस पार्टी सागर का रूप है, एक बूंद पानी से कोई फर्क नहीं पड़ता, विक्रमादित्य जब चाहें भाजपा में शामिल हो जाएं।” बलदेव ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ऐसा कोई बयान कभी नहीं दिया और यह पोस्ट पूरी तरह झूठी, भ्रामक व राजनीतिक रूप से भड़काऊ है।
पुलिस ने आरोपी फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336(4) और 353(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुन्नू ठाकुर अकाउंट की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
यह कदम राजनीतिक माहौल को नियंत्रित करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को रोकने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।












