ठियोग चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों पर BJP का बड़ा एक्शन, महासू जिला कार्यालय सचिव निलंबित
बीजेपी ने पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी ने संगठनात्मक जिला महासू के जिला कार्यालय सचिव सतविंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के साथ-साथ पार्टी से निलंबित कर दिया है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ठियोग नगर परिषद चुनाव के दौरान सतविंद्र सिंह के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों की कई शिकायतें मिली थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुशासन समिति ने शिकायतों पर विस्तृत चर्चा की और इसे संगठनात्मक अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना।
अनुशासन समिति ने अपनी रिपोर्ट भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को सौंपी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए सतविंद्र सिंह को महासू जिला कार्यालय सचिव के दायित्व से मुक्त कर दिया और उनकी प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित कर दी। राजीव बिंदल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और संगठन विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन की मर्यादा बनाए रखने और चुनाव के दौरान पार्टी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील भी की है।






