भाजपा के स्थापना दिवस पर जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले—इस बार जड़ से होगा सफाया
मंडी। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर द्रंग विधानसभा क्षेत्र के त्रयाम्बली बूथ में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पार्टी ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा, ताकि जनता को दोबारा जनविरोधी नीतियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने दावा किया कि मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पहले ही कमजोर हो चुकी है और इस बार बची-खुची कसर भी पूरी कर दी जाएगी।
जयराम ठाकुर ने भाजपा के संघर्षपूर्ण इतिहास और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेने का दिन है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसकी नीतियों के कारण प्रदेश का विकास बाधित हुआ है और अब समय आ गया है कि कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रदेश को विकास की नई दिशा दें। कार्यक्रम में द्रंग के विधायक पूर्ण चंद सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।












