आचार संहिता के बीच कैबिनेट बैठक पर भड़की भाजपा, जयराम बोले- वोटरों को लुभा रही कांग्रेस, चुनाव आयोग करे कार्रवाई
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन, चुनावी माहौल को प्रभावित करने और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं. भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग से मामले में हस्तक्षेप कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
'वोटरों को लुभाने के लिए की गई घोषणाएं'
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनाव में मतदान से ठीक पहले कैबिनेट बैठक बुलाकर सरकार ने खुलेआम आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने लोकलुभावन फैसलों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की है.
जयराम ने कहा कि सरकार की ओर से यह दिखाने का प्रयास किया गया कि कैबिनेट की मीडिया ब्रीफिंग नहीं होगी, लेकिन बाद में फैसलों की जानकारी योजनाबद्ध तरीके से सार्वजनिक की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इन घोषणाओं को मीडिया तक पहुंचाने और प्रचारित करवाने का प्रयास किया गया, जो चुनावी नियमों की भावना के विपरीत है.
जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पिछले तीन वर्षों में अनेक घोषणाएं कर चुके हैं, लेकिन उनमें से कई आज भी धरातल पर नहीं उतर पाई हैं. ऐसे में चुनावों के दौरान नई घोषणाएं जनता को भ्रमित करने का प्रयास हैं.






