शिमला: राम मंदिर हॉल में मुस्लिम लड़की के निकाह पर हिन्दू संघर्ष समिति का विरोध, सुअरों की बारात निकालने की चेतावनी
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में राम मंदिर हॉल में मुस्लिम परिवार की शादी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिन्दू संघर्ष समिति ने मोहम्मद नासिर की बेटी के निकाह की अनुमति पर आपत्ति जताई है। शादी 11 अप्रैल को राम मंदिर हॉल में होने वाली है।
समिति ने सुअरों की बारात निकालने की दी चेतावनी
समिति ने चेतावनी दी है कि अगर निकाह हुआ, तो वे सड़कों पर उतरेंगे और विरोधस्वरूप सुअरों की बारात निकालने व मुंडन जैसी कार्रवाई करने तक की बात कह दी है। हिन्दू संघर्ष समिति के नेता विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने कहा कि मंदिर की संपत्ति पर मुस्लिम परिवार का विवाह स्वीकार्य नहीं है और इसे रोकने के लिए ज्ञापन भी सौंपा गया है।
इस पर राम मंदिर हॉल संचालक सूद सभा के अध्यक्ष राजीव सूद ने कहा कि हॉल में पहले भी मुस्लिम परिवारों के निकाह होते रहे हैं और देश के संविधान के अनुसार किसी को धर्म के आधार पर रोकना सही नहीं है। ज्ञापन मिलने के बाद मंगलवार को इस मामले पर बैठक भी बुलाई गई। हॉल में पहले से ही मदिरा, मीट और मछली खाने पर प्रतिबंध है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। बीते पांच साल में हॉल में Muslim परिवारों के 15 से अधिक निकाह हो चुके हैं।












