हिमाचल में लोकतंत्र का महापर्व: 51 शहरी निकायों के लिए मतदान जारी, वोट डालने को उमड़ा जनसैलाब
हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और शहरी निकाय चुनावों के लिए रविवार को लोकतंत्र का महापर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के 51 शहरी निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होते ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चार नगर निगम—मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन—सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में वोटिंग जारी है। इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का सेमीफाइनल माना जा रहा है, इसलिए राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।
प्रदेशभर में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं का खासा उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और उम्र की चुनौतियों के बावजूद कई वरिष्ठ नागरिक लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने मतदान केंद्र पहुंचे। मंडी जिले के करसोग में 76 वर्षीय बिंद्रा देवी ने मतदान कर युवाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया, जबकि एक दिव्यांग मतदाता ने भी पोलिंग बूथ पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
धर्मशाला नगर निगम में सुबह 9 बजे तक 13.1 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 4,805 मतदाताओं ने वोट डाले, जिनमें 2,581 पुरुष और 2,224 महिला मतदाता शामिल रहे। वहीं कुल्लू जिले के शहरी निकायों में भी सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली और सुबह 9 बजे तक 13.90 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
सिरमौर जिले में भी मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नगर परिषद पांवटा साहिब में सुबह 9 बजे तक 19.64 फीसदी और नगर पंचायत राजगढ़ में 18.68 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। नाहन में सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा।
बिलासपुर जिले के विभिन्न शहरी निकायों में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 9 बजे तक नगर परिषद श्री नैना देवी जी में सबसे अधिक 26.61 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि घुमारवीं में 18.8%, नगर पंचायत तलाई में 16.67% और नगर परिषद बिलासपुर में 15.89% मतदान हुआ।
सोलन नगर निगम में शुरुआती दो घंटों में 13.67 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं नालागढ़, अर्की और कंडाघाट में भी मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। यहां पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से थोड़ी अधिक रही।
प्रदेश के चार नगर निगमों सहित 51 शहरी निकायों की 439 सीटों पर कुल 1147 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। लगभग 3.60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर शहर की सरकार चुन रहे हैं। मतदान के लिए प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां ईवीएम के माध्यम से मतदान हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन के वार्ड नंबर 5 में मतदान करने के बाद कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है और भाजपा सभी नगर निकायों में जीत दर्ज करेगी। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान करने की अपील भी की।
मतदान प्रक्रिया शाम 3 बजे तक जारी रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, छात्र पहचान पत्र सहित 16 प्रकार के पहचान पत्रों को मान्यता दी है। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान के बाद रविवार को ही होगी, जबकि चारों नगर निगमों के नतीजों के लिए 31 मई तक इंतजार करना होगा।






