बिजली सब्सिडी के लिए अब नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, घर बैठे राशन कार्ड से लिंक होगा मीटर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब बिजली सब्सिडी का लाभ लेने के लिए लोगों को बिजली बोर्ड के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उपभोक्ता घर बैठे ही अपने राशन कार्ड को बिजली मीटर से लिंक कर सकेंगे। इसके लिए बिजली बोर्ड एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है, जिसकी शुरुआत 15 अप्रैल से होगी।
सरकार के नए फैसले के तहत अब प्रदेश में अधिकतम दो बिजली मीटरों पर ही सब्सिडी मिलेगी। साथ ही कुल 250 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यह लाभ अब प्रति मीटर 125 यूनिट तक सीमित रहेगा। यानी एक उपभोक्ता को अधिकतम दो मीटरों पर ही 125-125 यूनिट फ्री बिजली मिल सकेगी।
नई व्यवस्था में उन उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है, जिन्होंने अभी तक अपने बिजली मीटर को राशन कार्ड से लिंक नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं को अब एक और मौका दिया जाएगा। वहीं, यदि कोई उपभोक्ता पहले से लिंक किए गए मीटर को बदलना चाहता है, तो यह सुविधा भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को पोर्टल पर जाकर अपना राशन कार्ड नंबर और बिजली मीटर से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर मीटर और राशन कार्ड को लिंक कर दिया जाएगा।
बिजली बोर्ड का कहना है कि इस नई डिजिटल व्यवस्था से न सिर्फ उपभोक्ताओं का समय बचेगा, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आएगी।
गौरतलब है कि पहले हर मीटर पर 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही थी, जिससे सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सब्सिडी को सीमित कर दो मीटर तक करने का निर्णय लिया है।












