CM सुक्खू ने राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी दूरदर्शी सोच ने बदला भारत का भविष्य
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का देश की एकता, आधुनिक भारत के निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अतुलनीय योगदान रहा है। उनकी दूरदर्शी सोच और प्रगतिशील नेतृत्व ने भारत को नई दिशा देने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति लाने, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में राजीव गांधी की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में लिए गए फैसलों ने देश के आधुनिक विकास की मजबूत नींव रखी, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
सुक्खू ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन राष्ट्र सेवा, विकास और जनहित के प्रति समर्पित रहा। देश उनके योगदान और बलिदान को सदैव याद रखेगा तथा उनकी सोच आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।






