हिमाचल में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
शिमला: मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि कई इलाकों में तेज आंधी चलने से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में भी मौसम का यही बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है। विभाग ने बताया कि 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से 24, 25, 28 और 29 मई को हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। रविवार 24 मई को भी प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना है, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की जा सकती है।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। ऊना जिला एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर ताबो सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि बीच-बीच में बारिश राहत देती रहेगी।






