मंडी पहुंची तिब्बती युवा कांग्रेस की ‘ब्लैक हैट’ पदयात्रा, हुआ भव्य स्वागत
खलियार में लंगर, इंदिरा मार्केट में सम्मान के बाद आगे बढ़े पदयात्री
अनंत ज्ञान ब्यूरो, मंडी
तिब्बती युवा कांग्रेस द्वारा 31 मार्च को धर्मशाला के मैक्लोडगंज से शुरू की गई ‘ब्लैक हैट’ (काली टोपी) पदयात्रा अपने छठे दिन सोमवार को मंडी पहुँची। यह पदयात्रा 25 अप्रैल को दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र महासंघ के दूतावास में तिब्बत की आजादी, चीन द्वारा किए जा रहे दमन और संविधान के उल्लंघन के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर समाप्त होगी। करीब 65 पदयात्रियों का दल मंडी पहुंचा, जिसमें महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
मंडी आगमन पर सबसे पहले खलियार स्थित नामधारी संगत के सतगुरु जी की कोठी में यात्रियों का स्वागत किया गया। यहां सभी पदयात्रियों को लंगर भी कराया गया, जबकि इस स्थल का कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था। इसके बाद पदयात्री मंडी के प्राचीन खुआरानी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे और फिर इंदिरा मार्केट स्थित ओपन थिएटर में पहुंचे। यहां भारत तिब्बत मित्र संघ, तिब्बत सेटलमेंट ऑफिस और स्थानीय तिब्बती समुदाय द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान सभी पदयात्रियों को तिब्बती परंपरा के अनुसार ‘खाता’ (सफेद सम्मान वस्त्र) पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस पदयात्रा के माध्यम से तिब्बत की स्वतंत्रता और वहां के हालात को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।












