जेल से छूटने के बाद फिर महिला को कर रहा था परेशान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिमला। शिमला जिले में एक महिला को लगातार व्हाट्सएप कॉल, संदेश और अन्य माध्यमों से परेशान करने के आरोप में शिमला पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में स्टॉकिंग यानी पीछा करने से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं।
यह मामला पुलिस थाना कोटखाई में 7 मई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 351(2) के तहत दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि लखनऊ के जानकीपुरम निवासी प्रशांत शेखर सिंह लगातार उसे व्हाट्सएप संदेश, कॉल और अन्य माध्यमों से परेशान कर रहा है।
महिला ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें दो एफआईआर पुलिस थाना कोटखाई से संबंधित हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों सहित अन्य पहलुओं की जांच की गई।
जांच के दौरान आरोपी प्रशांत शेखर सिंह को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है। हाल ही में जेल से रिहा होने के बावजूद वह फिर से पीड़िता से संपर्क करने, व्हाट्सएप कॉल और संदेश भेजने तथा अन्य माध्यमों से परेशान करने की कोशिश कर रहा था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि आरोपी द्वारा बार-बार एक जैसी घटनाएं दोहराने और पीड़िता तथा उसके परिवार की सुरक्षा को देखते हुए उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
एसएसपी का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस बेहद संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






