लाहौल-स्पीति में एडवेंचर टूरिज्म को नई उड़ान, 11,482 फीट ऊंचे शशुर मठ से पैराग्लाइडिंग ट्रायल सफल
लाहौल-स्पीति में पर्यटन के साथ अब एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी नई पहचान मिलने जा रही है। जिले में 11 हजार 482 फीट की ऊंचाई पर स्थित शशुर बौद्ध मठ से पैराग्लाइडिंग शुरू करने की दिशा में किया गया तकनीकी ट्रायल सफल रहा है। बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान की तकनीकी टीम ने यहां परीक्षण उड़ान की और साइट को पैराग्लाइडिंग के लिए उपयुक्त पाया। अगर नियमित उड़ानों को मंजूरी मिलती है तो शशुर मठ लाहौल क्षेत्र का पहला आधिकारिक पैराग्लाइडिंग पॉइंट बन सकता है। यहां से उड़ान भरने वाले पर्यटक जांस्कर रेंज, बर्फीले पहाड़ों और हिमनदों का विहंगम नजारा देख सकेंगे। उड़ान के लिए बिलिंग गांव में लैंडिंग साइट तय की गई है और प्रस्तावित उड़ान करीब छह मिनट की होगी। पैराग्लाइडिंग शुरू होने से स्थानीय पर्यटन और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।






