सुसाइड नोट ने खोले राज, सुंदरनगर में युवती की मौ*त के बाद आरोपी गिरफ्तार
सुंदरनगर में 22 वर्षीय युवती ने उत्पीड़न से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम
अनंत ज्ञान, सुंदरनगर
मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के तहत रोपा क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवती ने कथित मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दिव्य ज्योति सैनी (22) के रूप में हुई है, जो बीएससी नर्सिंग पूरी कर चुकी थी और इन दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थी। इस संबंध में पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायतकर्ता किशोर चंद (72), निवासी गांव रोपा, डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
परिजनों के अनुसार, युवती ने 6 अप्रैल को बताया था कि चंडीगढ़ निवासी ललित नाम का युवक उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा था और मिलने के लिए दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवक उसे चमुखा क्षेत्र के एक होटल में भी ले गया था। लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से मानसिक रूप से आहत युवती ने आखिरकार फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना के बाद जब परिजनों ने कमरे की तलाशी ली, तो वहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित कुमार, पुत्र दर्शन लाल, निवासी गांव नरोट मेहरा, तहसील पठानकोट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक मंडी, विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ते मानसिक उत्पीड़न और उसके गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।












