नशे के सौदागरों पर शिकंजा: शिमला में 288 ग्राम चिट्टा जब्त, कीमत लाखों में
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर की पुलिस ने इस साल की सबसे बड़ी नशे की खेप पकड़ी है। करीब 20 लाख रुपये का चिट्टा पुलिस ने बरामद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिमला शहर के पुलिस के हाथ यह कामयाबी लगी है। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में केस दर्ज किया गया है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। पुलिस ने बताया कि 23 मार्च को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम शिमला के नए बस स्टैंड पर तैनात थी। इस दौरान टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) लेकर घूम रहा है और अभी बस अड्डे के प्रथम तल पर मौजूद है। वह स्थानीय युवाओं को चिट्टा बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिये के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उससे पूछताछ की। उसकी पहचान शमशाद अहमद (42), निवासी जिला अम्बाला, हरियाणा के रूप में हुई। गवाहों की उपस्थिति में उसके कैरी बैग की तलाशी लेने पर 288 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के अंतर्गत थाना में अभियोग पंजीकृत किया गया और 25 मार्च को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद छह दिन के रिमांड पर लिया गया था। फिलहाल, पुलिस ने पूछताछ में आरोपी से कई जानकारियां जुटाई हैं और इस चिट्टे के मुख्य सोर्स की तलाश कर रही है।












