शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़ से बढ़ा ट्रैफिक दबाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
शिमला। गर्मियों के पर्यटन सीजन में राजधानी शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों में सोलन-शिमला मार्ग पर 70 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। भारी ट्रैफिक को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
पुलिस ने पूरे शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर निगरानी की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी है, ताकि अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक राइडर्स और ट्रैफिक वॉलंटियर्स भी तैनात किए गए हैं, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।
शहर में ट्रैफिक मॉनिटरिंग के लिए इंटरसेप्टर वाहन भी लगातार गश्त कर रहा है। वहीं, ऊपरी शिमला की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को शोघी से मेहली बाईपास मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर दबाव कम हो सके।
जिला पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों और पर्यटकों को ट्रैफिक अपडेट, वैकल्पिक मार्गों और जरूरी सलाह की जानकारी लगातार साझा कर रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पर्यटन सीजन और पंचायत चुनावों के दौरान बढ़े दबाव के बावजूद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।






