दिल्ली से शिमला आ रही HRTC वोल्वो बस चालक से मारपीट, ओवरटेकिंग विवाद में दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला: राजधानी शिमला के कच्चीघाटी क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में भी दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से शिमला की ओर आ रही एचआरटीसी वोल्वो बस जैसे ही कच्चीघाटी क्षेत्र में पहुंची, बस चालक ने आगे चल रही एचआर नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक कर लिया। बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बस का पीछा किया और कुछ दूरी पर बस को जबरन रुकवा दिया। इसके बाद आरोपियों ने बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बालूगंज पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33), पुत्र शिव कुमार निवासी पंचकूला हरियाणा और विकास कुमार (22), पुत्र विलक्षण राम निवासी पंचकूला हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। वहीं शिमला पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि सार्वजनिक सेवा में लगे कर्मचारियों, खासकर परिवहन कर्मियों के साथ हिंसक व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






