किरतपुर-मनाली फोरलेन पर पर्यटकों का हुड़दंग: चलती कार से बाहर निकलकर बीयर पीते दिखे युवक; वीडियो वायरल
मंडी। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर पर्यटकों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। बैहना और चक्कर के बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हरियाणा नंबर (HR 26F Y9792) की कार में सवार दो युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर बीयर पीते और स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह घटना 2 मई की बताई जा रही है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार कार में युवक आधा शरीर खिड़की से बाहर निकालकर शराब का सेवन कर रहे हैं और बाद में बोतल सड़क पर फेंकते भी नजर आते हैं। इस तरह की हरकतें न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को भी खतरे में डालती हैं।
वीडियो पीछे चल रही गाड़ी से रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कुछ बाहरी पर्यटक प्रदेश में आकर इस तरह की हरकतें कर हिमाचल की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
मामले पर एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा है कि वीडियो संज्ञान में आया है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हिमाचल में पर्यटकों द्वारा स्टंटबाजी और लापरवाही के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई बार गंभीर हादसे भी हो चुके हैं।












