रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर को मिला सर्वश्रेष्ठ क्लब का सम्मान
-पठानकोट में आयोजित अवार्ड सेरेमनी में शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला पुरस्कार
रोटरी इंटरनेशनल की ओर से रविवार को पंजाब के पठानकोट में आयोजित जिला स्तरीय अवार्ड सेरेमनी में मंडी जिला के जोगिंद्रनगर रोटरी क्लब को एक बार फिर सर्वश्रेष्ठ क्लब के सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 के गवर्नर पीएस ग्रोवर ने क्लब को भेंट किया। रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर के 40 सदस्यों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट और समर्पित कार्यों को देखते हुए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल, सचिव सुशील पठानिया और वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर को उनकी सालाना शानदार परफॉर्मेंस के लिए भी व्यक्तिगत रूप से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 120 प्रमुख क्लबों ने भाग लिया। मंडी जिला के अन्य सक्रिय क्लब—मंडी, नेरचौक, सुंदरनगर और कांगड़ा जिले के धर्मशाला, पालमपुर, कांगड़ा, हमीरपुर व ऊना के क्लबों को भी सम्मानित किया गया। सोमवार को क्लब अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल ने बताया कि यह सम्मान रोटरी के सत्र 2024-25 में क्लब द्वारा किए गए पर्यावरण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का फल है। सचिव सुशील पठानिया ने बताया कि क्लब को चार प्रमुख पुरस्कारों के साथ प्रशस्ति पत्र भी भेंट किए गए।












