हमीरपुर: ड्यूटी के दौरान नशे में मिला HRTC चालक, निगम ने किया तत्काल निलंबित
हमीरपुर में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के एक बस चालक को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पकड़े जाने के बाद निगम प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चालक के खिलाफ यह कार्रवाई मेडिकल जांच में अल्कोहल सेवन की पुष्टि होने के बाद की गई। बताया जा रहा है कि उक्त चालक के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी थीं, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम हमीरपुर से सुजानपुर वाया कोट-चौरी-पटलांदर जा रही HRTC बस का रास्ते में टायर पंक्चर हो गया था। बस को ठीक कराने के बाद चालक और परिचालक शाम करीब साढ़े छह बजे खाली बस को वापस हमीरपुर की ओर लेकर चल पड़े। इसी दौरान री के पास बस एक कार से हल्के तौर पर टकरा गई, जिसके बाद दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही निगम प्रबंधन हरकत में आया और इंस्पेक्टर अशोक कुमार सोनी को टीम सहित मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची टीम को चालक की हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद तुरंत सुजानपुर पुलिस को सूचित किया गया। चालक को मेडिकल जांच के लिए सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक जांच में उसके द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई।
HRTC हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि चालक के सैंपल को अब अल्कोहल की सटीक मात्रा की पुष्टि के लिए लैब भेजा गया है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित चालक के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिली थीं, लेकिन उस समय मेडिकल जांच में पुष्टि नहीं हो पाई थी।
निगम प्रबंधन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुरक्षित और अनुशासित बनी रहे।












