दो युवकों से 4.1 ग्राम चिट्टा बरामद, मामला दर्ज
पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने मंगलवार रात गश्त के दौरान चौमुखा में कार सवार दो युवकों को 4.1 ग्राम चिट्टा के साथ हिरासत में लिया है। इनमें से एक युवक पर पहले भी चिट्टा को लेकर दो मामले दर्ज है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर थाना की टीम चौमुखा में गश्त पर थी, इस दौरान पुलिस ने एक कार को सड़क किनारे खड़े देखा, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस को देखते ही उनमें से एक युवक ने एक प्लास्टिक की पुड़िया खिड़की से बाहर की तरफ फेंक दी। संदेह होने पर जब पुलिस ने पुड़िया को उठा कर खोला तो उसमें सफेद पाउडर की तरह कुछ मिला। जांच करने पर पुलिस ने पाया कि यह चिट्टा है और वजन करने पर वह 4.1 ग्राम पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की शिनाख्त रोहित निवासी भौण बाड़ी डाकघर कलौहड़ और आर्यन वर्मा निवासी हरिपुर कालोनी तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी रोहित पर पहले से ही चिट्टा को लेकर थाना में दो मुकदमे दर्ज हैं। इधर, डी.एस.पी. भारत भूषण ने चिट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया आरोपियों के खिलाफ सुंदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।












