नशा तस्करों पर शिकंजा: ठियोग में 9 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
शिमला। शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ठियोग बाईपास के पास एक कार से करीब 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार को थाना ठियोग की टीम बाईपास क्षेत्र में नाका ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि फागू की ओर से मैग्नेट ग्रे रंग की एक कार ठियोग बाईपास की तरफ आ रही है, जिसमें सवार तीन लोग नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से करीब 9 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले 21 वर्षीय पवन, पंजाब के मोहाली निवासी 26 वर्षीय नितिश पांडे और हरियाणा के सोनीपत जिले के ही 27 वर्षीय रितिक सूरजभान के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना ठियोग में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












