जल रक्षकों को नियमित होने की आस, आने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी उम्मीदें
हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग में पिछले 12 वर्षों से सेवा दे रहे जल रक्षकों को अब अपने नियमित होने की उम्मीद जगी है। हाल ही में उपमुख्यमंत्री द्वारा शिमला में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया कि करीब 1500 जल रक्षकों की फाइलें तैयार कर आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत की जाएंगी, ताकि उन्हें नियमित करने की प्रक्रिया शुरू हो सके। इस निर्णय के बाद प्रदेशभर के जल रक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हिमाचल प्रदेश जल रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जवालु राम ने बताया कि जल रक्षक लंबे समय से अपने नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब जब सरकार ने इस दिशा में गंभीरता दिखाई है, तो सभी को आने वाली कैबिनेट बैठक से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। जवालु राम ने यह भी कहा कि कैबिनेट में मंजूरी और नोटिफिकेशन जारी होने के बाद जल रक्षक संघ शिमला में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों, विभागीय अध्यक्षों और अधिकारियों का धन्यवाद करने पहुंचेगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी जल रक्षक भाग लेंगे। जल रक्षकों को भरोसा है कि सरकार उनके वर्षों के संघर्ष और सेवाभाव का उचित मूल्यांकन करेगी और उन्हें स्थायी दर्जा देने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी होगी।












