चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4 मील के पास मलबा गिरने से 30 मिनट यातायात बाधित
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी के समीप 4 मील के पास मंगलवार शाम 6:10 बजे से लेकर 7:38 बजे तक सड़क मार्ग बंद रहा। लगातार हो रही वर्षा के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने वाहनों की आवाजाही लगभग 30 मिनट तक रोके रखी। जैसे ही वर्षा थमी, प्रशासन द्वारा गिरे मलबे को हटाकर सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।गौरतलब है कि बीते कई दिनों से इस क्षेत्र में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे यह मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। इससे पहले इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के नजदीक नौ मील के पास भी स्लीप आने से करीब 35 मिनट तक यातायात ठप रहा। पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच ने जानकारी दी कि पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण कुछ देर के लिए मार्ग बाधित हुआ था, जिसे शीघ्र ही साफ कर चालू कर दिया गया। डयोड़ क्षेत्र में पंडोह डैम के कैंची मोड़ से आगे भी पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिस कारण यह मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। एसएचओ सदर मंडी देश राज ठाकुर ने बताया कि मंडी-पंडोह सड़क मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए यह मार्ग रात भर के लिए बंद रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।












