कटेरू में श्री कमरुनाग जी का पारंपरिक मेला संपन्न, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आज कटेरू में प्राचीन परंपरा के अनुसार एक दिवसीय श्री कमरुनाग जी का देव मेला श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। यह मेला हर वर्ष श्री कमरुनाग जी के मझौठी स्थित कोठी से देव साज-सज्जा और देयोकरों के साथ पदयात्रा के रूप में कटेरू पहुंचने के बाद शुरू होता है। देवता के आगमन पर कलया, झाड़ा, थाली पूजन, तोगड़ा पूजन जैसी धार्मिक रस्में निभाई गईं। मान्यता है कि जब देवता मेला स्थल पर पहुंचते हैं तो रिमझिम वर्षा होती है, जिसे देवता की कृपा मानी जाती है और इससे स्थल की पवित्रता सुनिश्चित होती है। मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए कमरुनाग जी से आशीर्वाद मांगा। मेला स्थल सड़क के किनारे होने के कारण हलवाई, कन्फेक्शनरी, हंड़ोला, कुल्फी, खिलौने, रेडीमेड कपड़े, ढाबे और बच्चों के मनोरंजन के साधनों के साथ व्यापारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। मेला कमेटी के सफल आयोजन में गोपाल शर्मा, धर्मा नंद, प्रदीप कुमार, किशोरी लाल, उमेश शर्मा, जगदीश, श्याम लाल, गुरदेव, दुर्गा राम, भारत भूषण, लक्ष्मी दत्त, महेश, खुवराम, अजय शास्त्री जैसे सदस्यों का विशेष योगदान रहा। स्थानीय जनता ने देवता कमेटी कमरुनाग मझौठी से यह आग्रह किया है कि भविष्य में कटेरू मेले की अवधि दो दिन की जाए, ताकि श्रद्धालु और व्यापारी दोनों अधिक लाभान्वित हो सकें। आज के सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामीणों ने श्री कमरुनाग जी की कृपा और अच्छे मौसम के लिए आभार व्यक्त किया।
फोटो












