मानसून आपदा पीड़ितों की मदद को व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर ने भेजी 81 हजार की राहत राशि
जिला मंडी में लगातार हो रही भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन जैसी आपदाओं के कारण अनेक गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसी विकट परिस्थिति में जोगिंद्रनगर व्यापार मंडल ने एक सराहनीय पहल करते हुए आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए 81 हजार रुपए की राहत राशि जिला प्रशासन को भेजी है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राशि स्थानीय व्यापारियों द्वारा स्वेच्छा से दिए गए अंशदान से एकत्र की गई है। इस राशि को सोमवार को उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) जोगिंद्रनगर के माध्यम से उपायुक्त मंडी को भेजा गया, ताकि इसे आपदा राहत कार्यों में उपयोग में लाया जा सके। भास्कर गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा समाजसेवा और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में आपदा के कारण कई लोग बेघर हो गए हैं, उनकी फसलें नष्ट हो चुकी हैं, तथा सड़कों और पुलों को व्यापक नुकसान हुआ है। ऐसे में यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह अपनी क्षमता अनुसार सहायता प्रदान करे। उन्होंने अन्य व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे आगे आकर प्रशासन द्वारा चलाई जा रही राहत गतिविधियों में सहयोग दें और पीड़ितों की मदद के लिए योगदान करें। व्यापार मंडल की इस पहल की स्थानीय प्रशासन और जनमानस द्वारा सराहना की जा रही है। यह राहत राशि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












