धर्मशाला कॉलेज में सजेगा ‘विरासत 2026’ का मंच, प्रदेश भर की यूनिवर्सिटीज दिखाएंगी प्रतिभा
धर्मशाला। हिमाचल की सांस्कृतिक राजधानी माने जाने वाले धर्मशाला में एक बार फिर प्रतिभा, परंपरा और युवा जोश का संगम देखने को मिलेगा। ऐतिहासिक गवर्नमेंट कॉलेज धर्मशाला में 25 अप्रैल को ‘विरासत 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
धर्मशाला कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले ‘विरासत 2026’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस सांस्कृतिक आयोजन में सीयू एचपी, एचपीयू, टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर सहित जिला कांगड़ा की कई निजी यूनिवर्सिटीज की टीमें भाग लेंगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रुप डांस, सिंगिंग, डिक्लेमेशन और एड मैड शो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें छात्र-छात्राएं अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. राकेश पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों को मंच मिलता है और उनकी प्रतिभा निखरती है। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम National Assessment and Accreditation Council की रैंकिंग में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे संस्थान को भविष्य में लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि ‘विरासत 2026’ न सिर्फ एक प्रतियोगिता है, बल्कि यह सांस्कृतिक विरासत को संजोने और युवाओं को जोड़ने का एक सशक्त मंच भी है, जहां शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।












