छोटा भंगाल की बहुप्रतीक्षित बीड़-बड़ा ग्रां सड़क निर्माण कार्य लगभग पूर्ण, स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
जिला कांगड़ा की दुर्गम छोटा भंगाल घाटी के लोग अब बीड़ और बैजनाथ की ओर सीधा सफर कर सकेंगे। बीड़-बड़ा ग्रां सड़क मार्ग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब घाटीवासी वाया राजगुंधा, विलिंग होकर बैजनाथ पहुँच सकेंगे, जिससे पहले के 80-90 किलोमीटर लंबे रास्ते की तुलना में अब उन्हें लगभग आधा सफर ही तय करना होगा। पूर्व में घाटी के लोग बरोट, घटासनी और जोगिंद्रनगर होते हुए दूसरे जिले मंडी से होकर बीड़ और बैजनाथ जाते थे, जिससे तीन घंटे तक का समय लग जाता था। अब यह दूरी काफी कम हो गई है।
स्थानीयों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
घाटी के बुजुर्ग जोग राज, दुर्गा दास, तुलसी दास और रत्तन चंद ने बताया कि राजगुंधा से बीड़ तक सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व हो गया था, मगर नेताओं और विभाग की उदासीनता से यह मार्ग वर्षों तक बंद पड़ा रहा। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगभग 26 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर इसका पुनर्निर्माण शुरू हुआ जो अब लगभग पूरा हो चुका है। उहल नदी पर 78 लाख रुपये की लागत से बने घड़सा पुल का निर्माण कार्य भी दो वर्ष पूर्व पूर्ण हो गया है, जिससे अब छोटे वाहन आसानी से इस मार्ग से आ-जा रहे हैं।
बस सेवा शुरू होने की प्रतीक्षा
हालांकि लोक निर्माण विभाग ने बीड़ से बड़ा ग्रां तक सड़क का कार्य लगभग पूरा कर दिया है और पिछले वर्ष इस मार्ग का निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन निरीक्षण में पाई गई कमियों के कारण उस समय बस सेवा शुरू नहीं हो पाई। विभाग द्वारा अब उन कमियों को ठीक कर दिया गया है और रिपोर्ट सरकार और परिवहन निगम को भेजने की प्रक्रिया में है।घाटीवासियों को पूर्ण विश्वास है कि विभाग की रिपोर्ट स्वीकृत होते ही बस सेवा शुरू हो जाएगी और उन्हें मंडी जिले के लम्बे मार्ग से राहत मिल जाएगी। घाटीवासियों ने विधायक किशोरी लाल से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर बस चलवाई जाए।












