विवादों में घिरा पुल हुआ ध्वस्त तीन पिलर ढहने से मचा हड़कंप
एनएच-3 पर निर्माणाधीन पाडच्छू पुल, जो पिछले तीन वर्ष से विवाद और देरी के कारण सुर्खियों में बना हुआ था, अब पूरी तरह से ढह चुका है। सोमवार को जब निर्माणाधीन पुल के मलबे को क्रेन की सहायता से हटाया जा रहा था, उस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और पुल के तीनों पिलर एक साथ ढह गए। यह वही पुल है, जो लंबे समय से अधर में लटका हुआ था और जिसका निर्माण कार्य कई बार रुक-रुक कर चला। स्थानीय लोगों ने इस पुल को लेकर कई बार प्रशासन और निर्माण कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन भी किए थे। पुल के नीचे की मिट्टी कमजोर होने, अवैध डंपिंग और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने जैसे कारणों से यह क्षेत्र पहले भी कई बार खतरे की स्थिति में आ चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेन से जैसे ही एक पिलर को उठाने की प्रक्रिया शुरू हुई, अचानक वजन असंतुलित हो गया और तीनों पिलर एक के बाद एक गिर गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।












