धर्मशाला में विकास और स्कूल मुद्दे पर गरजे सुधीर शर्मा, सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
धर्मशाला। धर्मशाला में वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए देवेंद्र जग्गी पर धर्मशाला के साथ भेदभाव का आरोप लगाया, जबकि उन्होंने खुद को शहर के प्रति समर्पित बताया। उन्होंने नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
इसके साथ ही विधायक ने नगर निगम में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदारों द्वारा जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है और शहर के आधारभूत ढांचे के अनुरूप काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध और टिकाऊ विकास कार्य किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में घोषित बदलाव धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दावे और वास्तविकता में अंतर है तथा सरकार के विधायक और मंत्री भी खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं।
वहीं, 100 साल पुराने बॉयज स्कूल के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों और अभिभावकों ने उनसे मुलाकात कर चिंता जताई है। उनका मानना है कि एक स्कूल को CBSE और दूसरे को राज्य शिक्षा बोर्ड के तहत रखा जाना चाहिए था, लेकिन सरकार ने जल्दबाजी में अधूरा निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो उन्हें अदालत का रुख करना पड़ सकता है।
भाजपा ने उतारे युवा और नए चेहरे, विकास और पारदर्शिता का वादा
इसके साथ ही सुधीर शर्मा ने नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति और प्रत्याशियों की घोषणा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा ने देर शाम अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है और अधिकांश प्रत्याशी युवा, शिक्षित तथा नए चेहरे हैं, जिन्हें जनता के बीच उनके व्यवहार और काम करने के जज़्बे के आधार पर मौका दिया गया है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी पहचान बढ़ी है। ऐसे में नई पीढ़ी के प्रतिनिधियों को नगर निगम में शामिल करना समय की मांग है, जो ईमानदारी और सेवाभाव के साथ आधुनिक तकनीक की समझ रखते हुए शहर के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि कुछ प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं, जबकि अन्य 2 मई को नामांकन दाखिल करेंगे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि सभी भाजपा प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड में चुनाव प्रचार विधिवत रूप से शुरू करेंगे और प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति के अनुसार प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।












