त्रिसंगम पब्लिक स्कूल रिवालसर के छात्रों ने नैना देवी सर की धार में तीन दिवसीय साहसिक गतिविधियों में लिया भाग
त्रिसंगम पब्लिक स्कूल रिवालसर द्वारा डी.के. एडवेंचर के सहयोग से गत दिवस संपन्न हुए तीन दिवसीय साहसिक कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में स्कूल के कक्षा 10वीं से 12वीं तक के कुल 26 छात्रों ने भाग लिया। कैंप का संचालन डी.के. इंस्टीट्यूट के निदेशक गुरुदेव सिंह राणा की अगुवाई में किया गया। उनके साथ प्रशिक्षक लुदर, विनोद, उदय और कुमारी हिमांशी ने बच्चों को विभिन्न रोमांचक और जोखिम भरी गतिविधियां करवाईं, जिनमें रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग, रिवर क्रॉसिंग, झुमारी और जिपलाइनिंग शामिल रहीं। इस साहसिक कैंप का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास करना था। विद्यालय प्रबंधक भगवान दास शर्मा का मानना है कि ऐसी गतिविधियां छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं, जिससे वे जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना साहसपूर्वक कर सकें। कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में मृदुल शर्मा (कक्षा 12वीं) और चिराग नेगी (कक्षा 10वीं) को ‘बेस्ट कैम्पर’ के रूप में चयनित किया गया। विद्यालय प्रबंधन, डी.के. एडवेंचर टीम और प्रशिक्षकों ने बच्चों के जोश और सहभागिता की सराहना की और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।












