मंडी: बगला फोरलेन पर STF की बड़ी कार्रवाई, 23 ग्राम चिट्टे सहित लुधियाना का युवक गिरफ्तार
मंडी: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ टीम ने बल्ह क्षेत्र के बगला फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक आरोपी को 23 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ टीम फोरलेन पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से मनाली-केलांग जा रही एचआरटीसी बस (HP-42-3331) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में सवार एक व्यक्ति के कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार (40) निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसटीएफ टीम ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना बल्ह के हवाले कर दिया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की जांच जारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला मंडी पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।












