बेटे ने किया बाप पर हमला, बीच-बचाव में उतरे पिता की हुई मौत
-जोगिंद्रनगर के द्रोबड़ा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात
जोगिंद्रनगर उपमंडल के द्रुब्बल पंचायत के अंतर्गत द्रोबड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे और बहू के बीच चल रहे विवाद को शांत करने आए पिता की बेटे द्वारा हमला किए जाने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक प्रताप चंद की पत्नी नागन देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 9 जून को घर में निर्माण कार्य के लिए गांव के लोगों के सहयोग से रेत की ढुलाई की जा रही थी। शाम को करीब आठ बजे काम में जुटे लोगों के लिए खाने-पीने का प्रबंध किया गया था। इस दौरान प्रताप चंद एक व्यक्ति के साथ बैठकर खा-पी रहे थे और उनका बेटा मुकेश भी वहीं बियर पी रहा था।
थोड़ी देर बाद मुकेश और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा बढ़ता देख प्रताप चंद ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच मुकेश ने गुस्से में आकर कोई नुकीली चीज निकाली और प्रताप चंद के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रताप चंद को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने घटनास्थल का दौरा कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।












