पिघलने लगा बर्फ, ब्यास में बढ़ने लगा जलस्तर, पडोह डैम प्रशासन सतर्क, बढ़ सकता है जलस्तर, ब्यास नदी से रहें दूर, चेतावनी जारी
बढ़ती गर्मी से पहाड़ो में वर्फ पिघलने लगा है। हर कहीं भारी वर्षा भी हो रही है।जिस कारण व्यास नदी का जलस्टर धीरे धीरे बढ़ने लगा है। पंडोह डैम में भी जलस्तर सामान्य से कुछ ज्यादा बढ़ने लगा है। डैम का खतरनाक जलस्तर लेवल 2941 फीट निर्धारित है, जबकि वर्तमान में झील का जलस्तर लेवल 2929 फीट रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि स्थिति सामान्य है, मगर मौसम विभाग की दो दिनों की बरसात चेतावनी और पिघलते बर्फ को देखते हुए बीबीएमबी प्रशासन ने एहतियातन अलर्ट जारी किया कर दिया है। पंडोह डैम के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता चंद्रमणि शर्मा ने बताया कि इस समय डैम के पीछे की ओर से लगभग 10,000 क्यूसेक पानी आ रहा है। इसमें से करीब 6500 क्यूसेक पानी बग्गी टनल की ओर भेजा जा रहा है, जबकि लगभग 3500 क्यूसेक पानी डैम से आगे की ओर छोड़ा जा रहा है। पंडोह डैम के कुल पांच फ्लडगेट्स में से केवल एक गेट आधा मीटर ही खोला गया है। इन्होने बताया कि बग्गी टनल की क्षमता जहां 9000 क्यूसेक पानी की है, वहां फिलहाल लगभग 6500 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। अधिकारियों ने आगाह किया है कि बारिश या पहाड़ों में बर्फ के पिघलने से ब्यास नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे ना जाएं। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिला प्रशासन व बीबीएमबी स्थिति पर नजरें जमाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम है, तैयार हैं। इसलिए किसी को भी घबराने की नहीं अपितु सतर्क रहने की जरूरत है।












