एसआईयू टीम सुंदरनगर ने 539 ग्राम चरस सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
नशे के काले कारोबार के खिलाफ उपमंडल सुंदरनगर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को वीरवार को सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने किरतपुर-मनाली फोरलेन पर कुल्लू के रहने वाले दो आरोपियों को 539 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत धारा 20 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एसआईयू टीम में एएसआई दौलत राम, हेड कांस्टेबल हंसराज सैनी, कांस्टेबल सतीश, कुलदीप सहित अन्य मौजूद रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम नाकाबंदी के दौरान किरतपुर-मनाली हाइवे पर स्थित तरोट में मौजूद थी। पुलिस टीम द्वारा मंडी की ओर से आने वाली गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक आल्टो कार नंबर एचपी-66-ए-6649 को चेकिंग के लिए रोका गया। वहीं कार की तलाशी के दौरान सीट के नीचे से एक लिफाफा को खोलने पर उससे 511 ग्राम चरस बरामद की गई है। आरोपियों की शिनाख्त सुरेश कुमार (33) पुत्र देवेंद्र सिंह बाल्था डाकखाना रामन तहसील सदर जिला कुल्लू और अमीर ठाकुर (30)पुत्र राम लाल निवासी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज गिरफ्तार कर लिया है। एसआईयू टीम ने आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना धनोटू के सुपुर्द कर दिया है। जानकारी देते हुए एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।












