सिल्वर जोन ओलंपियाड का परीक्षा परिणाम घोषित, अंशिका राणा ने प्राप्त किया प्रदेश में पहला स्थान
एस.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल अनंत नगर तताहर में सिल्वर जोन ओलंपियाड 2024-25 का आयोजन किया गया था, जिसका परीक्षा परिणाम घोषित हो कर दिया गया है। यह प्रतिष्ठित परीक्षा सिल्वर जोन फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित की जाती है, जो विश्व की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड आयोजक संस्थाओं में से एक है। इस ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय के कुल 56 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से कई विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया। जमा एक की छात्रा अंशिका राणा ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं जमा दो के छात्र अन्य ठाकुर ने प्रदेश में 47वीं रैंक प्राप्त कर अपनी कक्षा में प्रथम स्थान पर रहते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसी कक्षा की नेहा ठाकुर ने राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अर्जित किया। इसके अतिरिक्त, कक्षा सात के छात्र सिद्धार्थ ने कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। कक्षा आठ के समर वीर सिंह राणा ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अंशिका ने तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल और अथर्व शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता। इन सभी विद्यार्थियों को सिल्वर जोन फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा प्रशस्ति पत्र गोल्ड सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के गणित प्रवक्ता एवं परीक्षा समन्वयक अरुण कुमार ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में सहायक होती हैं तथा उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सभी को फाउंडेशन द्वारा प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार राणा प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार गौतम तथा अधीक्षक नेक राम ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष सात प्रकार की ओलंपियाड प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जो विद्यार्थियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करती हैं। अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार राणा ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार की ओलंपियाड प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धन के साथ-साथ एक मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक मंच भी मिल सके।












