श्री चंडिका माता मंदिर 29 मई को निकलेगी भव्य रथ यात्रा, 31 मई को विशाल भंडारे का होगा आयोजन
सरकाघाट उपमंडल की रोपड़ी पंचायत रणजीत सिंह गुलेरिया, पुत्र स्व. भलखू राम गुलेरिया द्वारा अपने स्वर्गीय माता पिता के नाम से गांव में भव्य श्री चंडिका माता मंदिर का निर्माण करवाया गया है। मंदिर में माता चंडिका, भगवान शिव (शिवलिंग) तथा भगवान गणपति की सुंदर मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं, जिन्हें विशेष रूप से जयपुर से मंगवाया गया है। इन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ 23 मई से शुरू हुआ है और 31 मई तक चलेगा। प्रतिष्ठा कार्यक्रम में देश के ख्याति प्राप्त विद्वान पंडितों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं। क्षेत्र के श्रद्धालु व भक्त बड़ी संख्या में इन धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था की गई है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद रूपी भोजन प्राप्त हो सके। 29 मई को शाम 4 बजे भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया है, जिसमें श्री चंडिका माता की शोभायात्रा पूरे क्षेत्र में निकाली जाएगी। आयोजक रणजीत सिंह गुलेरिया ने समस्त सरकाघाट क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे इस रथ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। समापन दिवस 31 मई को एक विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु जनों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। रणजीत सिंह गुलेरिया ने पुनः समस्त क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर माता रानी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करें और आयोजन की शोभा बढ़ाएं।












