संजौली नाबालिग छेड़छाड़ मामला: कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस का एक्शन, दो और दबोचे, अब तक 6 गिरफ्तार
शिमला के संजौली में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिकायत के बाद कुछ लोगों ने एक दर्जी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की, दो लोगों के साथ मारपीट की और उन्हें सार्वजनिक रूप से घुमाया। इस मामले में पुलिस अब तक 2 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता अजीम मिर्जा के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि कुछ लोग दुकान में घुसे, सीसीटीवी कैमरों की तारें तोड़ीं और अजीम मिर्जा व उसके सहयोगी आफताब के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों को दुकान से बाहर ले जाकर सार्वजनिक रूप से घुमाया गया।
पुलिस ने पहले मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार किया था। बाद में श्वेता चौहान, कल्पना शर्मा, गौरव कुमार और गगन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दरअसल, 16 वर्षीय पीड़िता ने महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक युवक ने उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी उबैद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और किसी भी शिकायत की स्थिति में पुलिस एवं न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की है।






