संदोआ की आशा कुमारी बनीं नर्सिंग ऑफिसर, एम्स दिल्ली में संभाला कार्यभार
उपमंडल गोहर की ग्राम पंचायत शाला के गांव संदोआ की होनहार बेटी आशा कुमारी ने नर्सिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर समूचे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आशा कुमारी ने देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर 16 जुलाई को कार्यभार ग्रहण किया। आशा कुमारी, जो नंद लाल और हंसा देवी की पुत्री हैं, ने बताया कि एम्स दिल्ली में चयनित होना उनका सपना था, जो अब साकार हो चुका है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने यह सिद्ध कर दिखाया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।शैक्षणिक यात्रा की बात करें तो उन्होंने अपनी दसवीं की पढ़ाई ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल चैलचौक से, तथा जमा दो की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चैलचौक से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन से जीएनएम की शिक्षा प्राप्त की और फिर पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ से पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने न केवल एम्स दिल्ली की परीक्षा में सफलता प्राप्त की, बल्कि चंडीगढ़ मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की परीक्षा को भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। इसके साथ ही, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा में भी उनका चयन हुआ है।लगातार तीन प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर आशा कुमारी आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। संदोआ गांव, शाला पंचायत और समस्त उपमंडल में उनकी इस उपलब्धि से खुशी और गर्व का माहौल है।












