समौड़ बनी धर्मपुर उपमंडल की पहली पंचायत जिसने सभी परिवारों को बांटे वाटर फिल्टर और डस्टबिन
मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की समौड़ पंचायत ने एक सराहनीय और अनूठी पहल करते हुए पंचायत के सभी 410 परिवारों को वाटर फिल्टर और डस्टबिन वितरित किए हैं। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के तहत किया गया, जिससे समौड़ पंचायत पूरे उपमंडल में ऐसा करने वाली पहली पंचायत बन गई है। पंचायत प्रधान प्रताप सकलानी ने बताया कि अधिकांश बीमारियाँ गंदे पानी से फैलती हैं, इसलिए पंचायत ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि सभी परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए वाटर फिल्टर वितरित किए जाएँ। इसके साथ-साथ स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घर को एक-एक डस्टबिन भी प्रदान किया गया, जिससे गांव स्वच्छ बना रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "स्वच्छ भारत" अभियान को भी मजबूती मिले। प्रधान प्रताप सकलानी ने कहा कि उनका सपना है कि समौड़ पंचायत न केवल उपमंडल में, बल्कि पूरे प्रदेश में एक मॉडल पंचायत के रूप में स्थापित हो। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत के बाकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर समस्त पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।












