केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप से सड़क कार्य ने पकड़ी रफ्तार: राजेश कपूर
राजेश कपूर ने जानकारी दी कि दिल्ली में उन्होंने गत वर्ष केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से विशेष मुलाकात कर सड़क निर्माण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की थी। मंत्री के निर्देश पर उनके प्राइवेट सेक्रेटरी ने तत्काल गावर कंपनी के एमडी से संपर्क कर कार्रवाई के आदेश दिए, जिससे कार्य को गति मिली। हालांकि बीच में लेबर के भाग जाने से निर्माण कार्य फिर रुक गया। इस पर दोबारा केंद्रीय मंत्री के कार्यालय से संपर्क किया गया और समाधान का आश्वासन मिला। अप्रैल 2025 में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा से भी मुलाकात हुई, जिन्होंने कंपनी प्रबंधन को मानसून से पहले कारपेटिंग कार्य पूरा करने को कहा। नतीजतन, अब तक सड़क का 60 प्रतिशत कारपेटिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। राजेश कपूर ने बताया कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर से नियमित बातचीत कर कमियों से उन्हें अवगत करवाया जा रहा है। मंत्रालय के निर्देश पर कार्य की गुणवत्ता की जांच भी चल रही है। उन्होंने तुंगल क्षेत्र की जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार का गैरकानूनी कार्य न करें और अधिकारी के दौरे पर संयम बरतें।












