रिवर बीच कैंप साइट जलकर राख, बरोट व मुल्थान में नहीं है अग्निशमन केंद्र
चौहार घाटी व छोटाभंगाल घाटी में आगजनी की घटना का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। जानकारी के अनुसार बरोट पंचायत के अंतर्गत आने वाले तथा उपतहसील टिक्कन के अंतर्गत आने वाले पटवार वृत्त ढरांगण के महाल ढरांगण में स्थित ढरांगण गांव के चमन लाल सपुत्र मती राम अपनी निजी भूमि पर बनाया गया रिवर बीच कैंप साइट में रविवार को रात लगभग नौ बजकर 24 मिनट पर अचानक भीषण आग लगने से कैंप साइट का रेस्टोरेंट व रसोई व उनमें रखा हुआ विभिन्न प्रकार सारा सामान क्रोकरी, राशन, फर्नीचर, चादरें, मैट, कम्बल, रजाइयां, ट्रंक, भाठियां, सोलर, गीजर, काउंटर गैस सिलेंडर, बिजली मीटर, तंदूर, छत की चादरें, कैरी बिन, स्पीकर, शीशे, दरवाजे, खिड़कियां, टाइलें आदि आग की चपेट में आने से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त व जलकर राख हो गए हैं। गौरतलब है कि इसी वर्ष ही 16 फरवरी को बरोट पंचायत के लंबाडग बाजार में पांच दुकानें और 23 मार्च को लक्कड़ बाजार बरोट में आग लगाने से लकड़ी के दो खोखे और उसमें दुनाकादारों द्वारा रखा गया सारा सामान भी जल जाने के साथ आसपास की अन्य चार दुकानों को भी काफी नुक्सान पहुंचा है। पीड़ित चमन लाल ने बताया कि यह भीषण आग रसोई में रखे गैस सिलेंडर के लिक होने से लगी है आग लगते ही पहले तो उन्होंने स्वयं आग बुझाने की कोशिश की मगर जब आग पर काबू नहीं पाया गया तो उन्होंने अपने ढरांगण गांववासियों को सूचित किया सूचना मिलते ही गांववासी घटना स्थल पर पहुंचे तो उनके द्वारा आग बुझाने के पहले ही सब कुछ स्वाह हो चुका था। उसके बाद उन्होंने इसकी सूचना बरोट पंचायत के प्रधान डाक्टर रमेश ठाकुर, पटवार वृत्त ढरांगण के पटवारी रोहित ठाकुर तथा पुलिस चौकी टिक्कन को दी सूचना मिलने के तुरंत बाद रविवार रात को ही पंचायत प्रधान, पटवारी रोहित ठाकुर तथा पुलिस चौकी टिक्कन के कर्मचारी मौके पर पर ही पहुंच गए तथा सभी ने अपने–अपने स्तर पर भीषण आग से हुए नुक्सान का जायजा लिया और रात होने के चलते पंचायत प्रधान, पटवारी तथा पुलिस चौकी के कर्मचारियों द्वारा सोमवार को सुबह फिर से मौके पर जाकर अपने-अपने स्तर पर नुक्सान की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रषित कर दी है। ढरांगण वृत्त के पटवारी रोहित ठाकुर के अनुसार पीड़ित चमन लाल का इस भीषण आग से कुल 38 लाख 93 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। पंचायत प्रधान डाक्टर रमेश ठाकुर ने इस घटना का गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित चमन लाल की हरसंभव सहायता की जाए और उन्होंने चौहार घाटी तथा छोटाभंगाल घाटी में लगभग प्रतिवर्ष ही घट रही आगजनी घटना को देखते हुए सरकार से मांग की है कि घाटियों के केंद्र स्थल बरोट या फिर मुल्थान में अग्निशमन केंद्र को स्थापित कर दिया जाए, वहीं द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने इस घटना पर दुःख जताते हुए पीड़ित चमन लाल को आश्वासन दिया है उन्हें सरकार से मिलने वाली हर सुविधा को प्रदान किया जाएगा।












