बारिश बनी सब्जी उत्पादकों के लिए वरदान, किसानों के लिए चिंता का कारण
-छोटाभंगाल और चौहार घाटियों में हल्की वर्षा ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया
छोटाभंगाल और चौहार घाटियों में मंगलवार रात से लेकर बुधवार दोपहर तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। यह बारिश घाटियों में हाल ही में बंद गोभी की पौध लगाने वाले सब्जी उत्पादकों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। स्थानीय उत्पादकों भागामल, सुभाष ठाकुर, जसवंत सिंह, शंकर देव, दुर्गा दास, मस्त राम व प्यार चंद का कहना है कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है जिससे अब उन्हें पनीरियों को रोजाना पानी नहीं देना पड़ेगा। हालांकि दूसरी ओर घाटी के परंपरागत किसानों ने इसे अपनी फसलों के लिए नुकसानदायक बताया है। उनका कहना है कि मार्च-अप्रैल में तेज गर्मी के कारण फसलें पहले ही सूखने की कगार पर थीं और अब लगातार हो रही वर्षा से उनकी फसलें और ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। किसानों ने चिंता जताई है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो उनकी मेहनत और पूंजी दोनों पर पानी फिर जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मौसम की निगरानी बढ़ाने और फसल क्षति की स्थिति में समय पर सहायता पहुंचाने की मांग की है।












