कुपवी कॉलेज मर्जर के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर निकाली आक्रोश रैली
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्र कुपवी में सरकारी कॉलेज को मर्ज करने के प्रस्तावित फैसले के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण, छात्र, अभिभावक और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कुपवी बाजार से लेकर एसडीएम कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कॉलेज को मर्ज करने के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुपवी जैसे दूरदराज और दुर्गम क्षेत्र में उच्च शिक्षा के सीमित साधन हैं। ऐसे में कॉलेज के मर्ज होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुपवी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पहले ही लंबी दूरी तय कर शिक्षा प्राप्त करनी पड़ती है। यदि कॉलेज को किसी अन्य संस्थान में मर्ज किया गया तो गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना और अधिक कठिन हो जाएगा।
प्रदर्शन के बाद लोगों ने एसडीएम के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर कॉलेज को यथावत रखने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों और छात्र संगठनों का कहना है कि यह कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के भविष्य की आधारशिला है। इसलिए किसी भी स्थिति में इसके अस्तित्व से समझौता नहीं किया जाएगा।






