निजी बस सेवा का निर्धारित रूट पर न चलना बना परेशानी का सबब
उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत चलने वाली शर्मा बस सर्विस इन दिनों अपने निर्धारित रूट पर नहीं चल रही है। यह बस सेवा हमीरपुर से करसोग तक जाती है, जिसका समय सुबह पटड़ीघाट से करीब 8:40 बजे रवाना होना और दोपहर 2:45 बजे लौटना तय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस सुबह तो पटड़ीघाट रूट से आती है, लेकिन दोपहर को लौटते समय इस मार्ग से नहीं गुजरती। बुधवार को भी रूप लाल, दामोदर दास, सुनीता, लेख राज, चंद्र सिंह, मूलराज, डिश शर्मा सहित कई लोग कलखर चौक पर आधे घंटे तक इंतजार करते रहे। जब बस कलखर स्टॉप पर पहुंची तो चालक और परिचालक ने बस को निर्धारित रूट से न ले जाते हुए अन्य मार्ग से ले जाना शुरू कर यात्रियों ने जब बस को निर्धारित रूट पर चलने के लिए कहा तो चालक परिचालक ने यात्रियों से साफ कह दिया कि जहां शिकायत करनी है कर लो। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति पिछले एक सप्ताह से लगातार बनी हुई है। निर्धारित रूट से बस सेवा न मिलने के कारण लोगों को मजबूरन निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है और भारी-भरकम किराया चुकाना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस सेवा को तुरंत उसके निर्धारित रूट पर नियमित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस बारे में आरटीओ मंडी नवीन कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि आज मीडिया के द्वारा मामला हमारे ध्यान में आया है नियम अनुसार बस सेवा पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।












